नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) निर्यातकों का कहना है कि अमेरिका द्वारा चीन, कनाडा और मेक्सिको से आयात पर सीमा शुल्क लगाने से भारत के लिए अमेरिका को निर्यात के बड़े अवसर पैदा हुए हैं।
इस शुल्क से चीन, कनाडा और मेक्सिको से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर असर पड़ेगा, क्योंकि इससे अमेरिकी बाजार में उनके सामान की कीमतें बढ़ जाएंगी, जिससे वे कम प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे।
निर्यातकों के प्रमुख संगठन भारतीय निर्यातक संगठनों के महासंघ (फियो) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा, ‘‘यह कदम भारतीय निर्यात के लिए अवसर पैदा कर सकता है, क्योंकि अमेरिकी खरीदार उच्च लागत से बचने के लिए वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं की तलाश करेंगे।’
उन्होंने कहा कि लाभ कितना होगा यह भारत की उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता पर निर्भर करेगा।
सहाय ने कहा, ‘‘जिन क्षेत्रों को लाभ मिलने की संभावना है उनमें इलेक्ट्रिकल मशीनरी और कलपुर्जे, वाहन कलपुर्जे, मोबाइल, फार्मा, रसायन, परिधान, कपड़े शामिल हैं।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को मेक्सिको, कनाडा और चीन से आयात पर कड़े शुल्क लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिससे एक चुनावी वादा तो पूरा हो गया लेकिन अमेरिकी उपभोक्ताओं के लिए कीमतें बढ़ने की संभावना बढ़ गई।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.