scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशवी के सिंह नौ जनवरी को मिजोरम के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे

वी के सिंह नौ जनवरी को मिजोरम के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे

Text Size:

आइजोल, 30 दिसंबर (भाषा) पूर्व सेना प्रमुख जनरल विजय कुमार सिंह नौ जनवरी को मिजोरम के नये राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस समारोह में मुख्यमंत्री लालदुहोमा, उनके कैबिनेट सहयोगी, विधानसभा अध्यक्ष लालबियाकजामा, उपाध्यक्ष लालफामकिमा, विभिन्न सांसद, शीर्ष अधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।

सिंह को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को सिंह को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया था, जो निवर्तमान राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति की जगह लेंगे।

कंभमपति को रघुबर दास के हालिया इस्तीफे के बाद ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

वर्ष 1951 में जन्मे सिंह ने 2010 से 2012 तक 24वें सेनाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

सेवानिवृत्त होने के बाद वह 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 2019 में भी अपनी सीट बरकरार रखी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान सिंह ने विदेश राज्य मंत्री, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (डीओएनईआर) में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया।

मोदी के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री का पद भी संभाला।

भाषा सुरेश दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments