scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमविदेशनसरल्ला की मौत के बाद चीन ने सभी पक्षों, खासकर इजराइल से तनाव घटाने की अपील की

नसरल्ला की मौत के बाद चीन ने सभी पक्षों, खासकर इजराइल से तनाव घटाने की अपील की

Text Size:

(के जे एम वर्मा)

बीजिंग, 29 सितंबर (भाषा) इजराइली बमबारी में ईरान समर्थित हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला की मौत के बाद, चीन ने रविवार को ‘‘संबंधित पक्षों खासकर इजराइल’’ से पश्चिम एशिया में संघर्ष को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए तनाव घटाने के वास्ते तुरंत कार्रवाई करने का आह्वान किया।

चीन के विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, ‘‘चीन इस घटना पर करीबी नजर रख रहा है और क्षेत्र में तनाव बढ़ने से काफी चिंतित है।’

इसके अलावा चीन ने भी एक सलाह जारी करके अपने नागरिकों से संघर्ष तेज होने के कारण लेबनान की यात्रा न करने के लिए कहा है।

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, ‘‘चीन, लेबनान की संप्रभुता और सुरक्षा के उल्लंघन का विरोध करता है, निर्दोष नागरिकों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का विरोध और निंदा करता है और ऐसे किसी भी कदम का विरोध करता है जो शत्रुता को बढ़ावा देता है और क्षेत्रीय तनाव बढ़ाता है।’’

बयान के अनुसार, नसरल्ला की हत्या का सीधे तौर पर जिक्र किए बिना चीन ने संबंधित पक्षों विशेष रूप से इजराइल से स्थिति को शांत करने और संघर्ष को बढ़ने या नियंत्रण से बाहर होने से रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह करता है।

नसरल्ला की मौत को उसके मुख्य समर्थक ईरान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

तेहरान से प्राप्त खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने कहा कि नसरल्ला की मौत का बदला लिया जाएगा। फिलहाल खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

खामेनेई ने नसरल्ला की मौत के बाद पांच दिनों के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है।

भाषा संतोष सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments