scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमविदेशआदित्य गढ़वी, हनुमानकाइंड, डीएसपी ने ‘मोदी एंड यूएस’ कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति दी

आदित्य गढ़वी, हनुमानकाइंड, डीएसपी ने ‘मोदी एंड यूएस’ कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय को संबोधित किए जाने से पहले लोक गायक आदित्य गढ़वी, रैपर हनुमानकाइंड, संगीतकार डीएसपी और सैन डिएगो में रहने वाली संगीतकार जोड़ी किरण तथा निवी ने हजारों दर्शकों को अपनी शानदार प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध कर दिया।

रविवार को लॉन्ग आइलैंड के नासाउ कोलिजीयम में मोदी के आगमन से पहले कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले एक मनोरंजक सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। ‘द इकोज़ ऑफ इंडिया – ए जर्नी थ्रू आर्ट एंड ट्रेडिशन’ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के 382 जाने-माने कलाकारों ने भाग लिया।

पिछले साल अपने गुजराती गीत ‘खलासी’ से प्रसिद्धि पाने वाले गढ़वी ने ‘पुष्पा: द राइज’ के लिए प्रसिद्ध डीएसपी के साथ ‘हर घर तिरंगा’ गीत प्रस्तुत किया।

गढ़वी ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें मोदी उन्हें गले लगाते हुए दिखते हैं। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘शानदार क्षण! भारत के प्रधानमंत्री और आदित्य गढ़वी न्यूयॉर्क 2024 में!’’

गढ़वी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि इतने बड़े स्तर पर गुजरात का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए ‘‘सम्मान की बात’’ है।

उन्होंने लिखा, ‘‘पूरे देश से अमेरिकी भारतीय इस कार्यक्रम में उपस्थित थे और हममें से चार को वैश्विक स्तर पर प्रसारित इस कार्यक्रम में भारत के प्रधानमंत्री के प्रवेश से पहले प्रस्तुति करने के लिए आमंत्रित किया गया… किरण तथा निवी की जोड़ी, हनुमानकाइंड, डीएसपी और मैंने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से पहले मुख्य कार्यक्रम में प्रस्तुति दी।’’

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में मोदी तब एक-एक कर डीएसपी, गढ़वी और हनुमानकाइंड को गले लगाते हुए दिखते हैं जब कोलिजियम में 13 हजार से अधिक भारतीय अमेरिकियों को संबोधित करने के लिए मंच पर उनका स्वागत किया गया।

डीएसपी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर मोदी से हाथ मिलाते हुए एक वीडियो क्लिप साझा की। इसमें मोदी आते ही उन्हें गले लगाने के लिए अपनी तरफ लाते दिखते हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘हर घर तिरंगा!’’

कार्यक्रम में हनुमानकाइंड ने अपना सुपरहिट अंग्रेजी गीत ‘बिग डॉग्स’ प्रस्तुत किया। उनका असली नाम सूरज चेरुकत है।

ग्रैमी पुरस्कार नामांकित चंद्रिका टंडन, स्टार वॉयस ऑफ इंडिया विजेता एवं सुपरस्टार ऐश्वर्या मजूमदार इंस्टाग्राम के डांसिंग डैड रिकी पॉन्ड और गायक रेक्स डिसूजा ने भी इस कार्यक्रम में प्रस्तुति दी, जिसे भारत की सांस्कृतिक विविधता का एक अद्भुतअनुभव बताया गया।

इस दौरान 117 कलाकारों ने अद्वितीय प्रस्तुतियाँ दीं। इससे पहले आयोजकों ने कहा कि 30 से अधिक शास्त्रीय, लोक, आधुनिक और फ्यूजन प्रस्तुतियों में भारत की समृद्ध एवं विविध संस्कृतियों की झलक दिखेगी।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments