(अदिति खन्ना)
लंदन, 26 अगस्त (भाषा) ब्रिटेन की एक अदालत ने ‘फ्रोजन चिकन’ के पैकेट समेत अन्य चीजों में छुपाकर मादक पदार्थ की तस्करी करने के जुर्म में भारतीय मूल के लोगों के गिरोह के सदस्यों को सजा सुनाई है।
पिछले सप्ताह बर्मिंघम क्राउन अदालत ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ की आपूर्ति और धन शोधन की साजिश में भूमिका के लिए मनिंदर दोसांझ (39) को 16 वर्ष और आठ महीने तथा अमनदीप ऋषि (42) को 11 वर्ष और दो महीने की जेल की सजा सुनाई।
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्होंने 400 किलोग्राम ‘उच्च शुद्धता’ वाली कोकीन के साथ-साथ 16 लाख पाउंड की अवैध नकदी जब्त की थी। इसके साथ ही जांचकर्ताओं ने थोक आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त कर दिया था, जिसमें 10 सदस्यीय गिरोह कच्चे चिकन के पैकेट में मादक पदार्थ ले जाते थे।
पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए रखी 225 किलोग्राम कोकीन को भी बरामद किया, जिसे इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के सटन कोल्डफील्ड स्थित एक गोदाम में रखा गया था।
दोसांझ और ऋषि को फ्रोजन चिकन उत्पादों में 150 किलोग्राम से अधिक कोकीन छुपाकर रखने के आरोप में तब गिरफ्तार किया गया था जब बर्मिंघम में पुलिस अधिकारियों ने उस वैन को रोका जिसमें वे एसेक्स के बंदरगाह से वापस आ रहे थे।
बर्मिंघम, वॉल्वरहैम्प्टन, सैंडवेल, वाल्सॉल, साउथ स्टैफोर्डशायर और लंदन में रहने वाले गिरोह के 10 लोगों को जुलाई 2020 में गिरफ्तार कर लिया गया था।
भाषा
नोमान प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
