scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशमुर्मू ने लोगों से देश के समावेशी विकास के लिए आम्बेडकर के आदर्शों को अपनाने को कहा

मुर्मू ने लोगों से देश के समावेशी विकास के लिए आम्बेडकर के आदर्शों को अपनाने को कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान निर्माता डॉ बी आर आम्बेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी को देश के समावेशी विकास के लिए सामूहिक रूप से काम करने के बाबासाहेब के विचारों को अपनाना चाहिए।

मुर्मू ने कहा कि सामाजिक बदलाव के पथप्रदर्शक और विविधता पूर्ण व्यक्तित्व बाबासाहेब आम्बेडकर ने एक विधिवेत्ता, शिक्षाविद, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और राजनेता के रूप में देश और समाज में असाधारण योगदान दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था में उनका दृढ़ विश्वास आज भी भारतीय लोकतंत्र और सुशासन की नींव है।

उन्होंने कहा कि आम्बेडकर ने अपना पूरा जीवन समतावादी समाज की स्थापना के लिए और वंचितों के उत्थान के लिए संघर्ष करते हुए खपा दिया।

मुर्मू ने कहा, ‘‘इस अवसर पर हम डॉ आम्बेडकर के विचारों को अपनाएं और हमारे देश के समावेशी विकास के लिए मिलकर काम करें।’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमारे संविधान के रचनाकार और सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्र निर्माताओं में से एक बाबासाहेब भीमराव रामजी आम्बेडकर की जयंती के अवसर पर मैं सभी देशवासियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित करती हूं।’’

भाषा वैभव सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments