नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) देश में खेलों और खिलाड़ियों को सरकार की ओर से दी जा रही मदद को अभूतपूर्व बताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि देश की युवाशक्ति को कौशल और रोजगार से जोड़ने के लिए खेल आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और भारत बड़ी खेल शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।
राष्ट्रपति ने संसद के बजट सत्र के प्रथम दिन लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण में कहा, ‘‘हम खेल आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। सरकार ने खेलों और खिलाड़ियों को अभूतपूर्व मदद दी है। आज भारत एक बहुत बड़ी खेल शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ ही आज इससे जुड़े दूसरे क्षेत्रों पर भी जोर दे रही है।
राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय बन चुका है, तथा देश में दर्जनों ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाए गए हैं जिससे खेल को व्यवसाय के रूप में चुनने का अवसर युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल उपकरणों से जुड़े उद्योग को भी हर प्रकार की मदद दी जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘बीते 10 वर्षों में भारत ने खेलों से जुड़ी अनेक अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं का शानदार आयोजन किया।’’
भाषा वैभव मनीषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.