कोलंबो, 28 जनवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) बोर्ड ने रविवार को तत्काल प्रभाव से श्रीलंका क्रिकेट पर लगा निलंबन हटा दिया।
श्रीलंका क्रिकेट को आईसीसी सदस्य के रूप में दायित्वों के गंभीर उल्लघंन के लिए पिछले साल नवंबर में निलंबित कर दिया गया था। इन दायित्वों में विशेष रूप से अपने मामले स्वायत्तता से संभालने और संचालन में कोई सरकारी हस्तक्षेप नहीं होने की जरूरत शामिल थी।
बोर्ड निलंबन के बाद से श्रीलंका क्रिकेट के हालात की निगरानी कर रहा है और अब इस बात से संतुष्ट है कि वह अब सदस्यता दायित्वों का उल्लंघन नहीं कर रहा है।
खेल मंत्री हरिन फर्नांडो ने ट्वीट कर निलंबन हटाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक आधिकारिक बयान जारी किया जायेगा।
आईसीसी ने पिछले साल नवंबर में राजनीतिक हस्तक्षेप का हवाला देते हुए श्रीलंका क्रिकेट को निलंबित कर दिया था।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.