नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) दो बार एशियाई खेलों की पदक विजेता नाओरेम रोशिबिना देवी को मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय वुशू महासंघ ने एक महीने तक चले जनता के मतदान के बाद सांडा वर्ग में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना ।
रोशिबिना ने 2018 एशियाई खेलों में कांस्य और 2022 में रजत पदक जीता था । उन्होंने ईरान की शहरबानो एम सेमिरोमी ( 88179 ) और चीन की वु शियाआवेइ ( 46753) को हराकर पुरस्कार जीता । उन्हें 93545 वोट मिले ।
रोशिबिना को पिछले साल एशियाई खेलों के महिलाओं के 60 किलो वुशू सांडा वर्ग के फाइनल में शियाओवेइ ने हराया था।
आईडब्ल्यूयूएफ एथलीट समिति के शुरूआती आकलन के बाद 23 देशों के 45 उम्मीदवारों के लिये मतदान हुआ जिसके नतीजों का ऐलान मंगलवार को किया गया ।
मणिपुर की रोशिबिना ने 2016 विश्व जूनियर वुशू चैम्पियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था ।
भाषा मोना आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.