scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमखेलपीसीबी के चयनकर्ता तनवीर को एपीएल में खेलने की अनुमति देने से उठा हितों के टकराव का मामला

पीसीबी के चयनकर्ता तनवीर को एपीएल में खेलने की अनुमति देने से उठा हितों के टकराव का मामला

Text Size:

कराची, 31 दिसंबर (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के राष्ट्रीय जूनियर मुख्य चयनकर्ता सोहेल तनवीर को अमेरिका में चल रही टी20 लीग में खेलने की अनुमति देने के फैसले की काफी आलोचना हो रही है जिससे हितों के टकराव के सवाल भी उठ रहे हैं।

तनवीर आईसीसी अंडर-19 विश्व कप टीम के लिए पाकिस्तान की युवा टीम की घोषणा करने के तुरंत बाद अमेरिकन प्रीमियर लीग (एपीएल) में खेलने चले गये।

पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा कि तनवीर को राष्ट्रीय जूनियर चयनकर्ता नियुक्त करते समय ही लीग में खेलने की अनुमति दी गयी थी।

पाकिस्तान में सीनियर और जूनियर मुख्य चयनकर्ता और राष्ट्रीय चयनकर्ता के पदों पर वेतन दिया जाता है।

तनवीर एपीएल में प्रीमियम पाक्स की ओर से खेल रहे हैं और लीग को अभी अमेरिकी क्रिकेट परिषद से मंजूरी मिलनी बाकी है।

इस पूरे प्रकरण ने सीनियर मुख्य चयनकर्ता वहाब रियाज को फोकस में ला दिया है क्योंकि वह अगले साल फरवरी और मार्च में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेलने के लिए तैयार हैं।

यह मोहम्मद हफीज के मामले से बिलकुल उलट है।

हफीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विभिन्न टी20 लीग में खेल रहे थे और पाकिस्तानी टीम का निदेशक बनने के बाद उन्होंने घोषणा की कि वह केवल अपनी नौकरी पर ही ध्यान लगायेंगे।

दिलचस्प बात है कि कुछ समय पहले पीसीबी ने इंजमाम उल हक को ‘हितों के टकराव’ के मुद्दे पर मुख्य चयनकर्ता के पद से हटने के लिए बाध्य कर दिया था।

इंजमाम ने तब अपना इस्तीफा दे दिया था जब सामने आया कि वह मोहम्मद रिजवान और एक अन्य मशहूर खिलाड़ी के एजेंट तल्हा रहमान की खेल प्रबंधन कंपनी में भागीदार थे।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments