हैमिल्टन (न्यूजीलैंड), 20 दिसंबर (भाषा) न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी के दौरान 14 करोड़ रूपये की बड़ी राशि में खरीदा गया था तब वह अपने घर में अपनी बेटी के जन्मदिन का तोहफा पैक कर रहे थे और नीलामी में उनका नाम आते ही उनकी दिल की धड़कन बढ़ गयी थी।
उनका परिवार टीवी पर मंगलवार को दुबई में हुई नीलामी देख रहा था और कुछ ही मिनट के अंदर 32 साल के इस खिलाड़ी को जिंदगी बदलने वाली राशि मिल गयी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार मिचेल ने कहा, ‘‘यह मेरे परिवार के लिए बहुत ही खास रात थी, मैं अपनी पत्नी के साथ बैठकर पूरी नीलामी देख रहा था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपना नाम आते हुए देखना और फिर नीलामी का पूरा अनुभव देखना, निश्चित रूप से यह पल जिंदगी भर हमारे साथ रहेगा। ’’
आईपीएल के 15 साल के इतिहास में मिचेल न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे महंगे बिके खिलाड़ी हैं। वह केन विलियम्स के बराबर और केवल काइल जैमीसन से पीछे हैं। जैमीसन को 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 15 करोड़ रुपये में खरीदा था।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
