नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने 15 साल बाद भारत दौरे पर आए जर्मनी और बायर्न म्यूनिख के दिग्गज ओलिवर कान से मंगलवार को गोलकीपिंग अकादमी स्थापित करने की संभावना पर चर्चा की।
जर्मनी के पूर्व कप्तान और गोलकीपर कान ने मई 2008 में कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में बायर्न म्यूनिख की तरफ से मोहन बागान के खिलाफ मैत्री मैच खेला था। यह उनका विदाई मैच भी था।
चौबे ने ट्वीट करके कहा,‘‘भारत में ओलिवर कान का स्वागत करके बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारतीय फुटबॉल को लेकर हमारी औपचारिक बातचीत में हमने विकास से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की जिसमें गोलकीपिंग अकादमी स्थापित करने की संभावना भी शामिल है। मैं भारत में उनके सुखद प्रवास की कामना करता हूं।’’
पता चला है कि कान को भारत लाने में एआईएफएफ की आधिकारिक भूमिका नहीं है और वह निजी यात्रा पर यहां आए हैं। वह बुधवार को मुंबई में दो स्कूलों के विद्यार्थियों से मिलेंगे। इसके बाद वह पुणे जाएंगे और गुरुवार को वहां एक संस्थान के छात्रों से बातचीत करेंगे।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
