देहरादून , 21 अक्टूबर (भाषा) युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने शनिवार को देहरादून में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के ग्रुप ई मैच में 24 गेंदों में 51 रन की पारी खेलकर कर्नाटक पर दिल्ली को आठ विकेट से आसान जीत दिलायी।
कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए देवदत्त पडिक्कल (चार), मयंक अग्रवाल (15) और मनीष पांडे (17) जैसे सितारों के सस्ते में आउट होने से पांच विकेट पर 136 रन का स्कोर बनाया। अभिनव मनोहर (नाबाद 44) और मनोज भंडागे (21) ने 58 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश ने भारतीय खिलाड़ी प्रसिद्ध कृष्णा पर दो छक्के और तेज गेंदबाज विशाल विजयकुमार पर लगातार चार चौके जड़े। उन्होंने अनुभवी ऑफ स्पिनर कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर भी छक्का लगाया।
उन्होंने अनुज रावत (38) के साथ छह ओवर में 72 रन की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इसके बाद कप्तान यश ढुल ने 26 गेंद में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को 16.5 ओवर में जीत दिला दी।
बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी को तीन विकेट चटकाये जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी और युवा मोहित अवस्थी को दो-दो विकेट लिये जिससे मुंबई ने जयपुर में ग्रुप ए के मैच में जम्मू-कश्मीर को 101 रन पर आउट करके 138 रन के छोटे स्कोर का बचाव किया।
मुंबई के लिए यशस्वी जयसवाल ने 36 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 31 रन का योगदान दिया।
विदर्भ ने मोहाली में ग्रुप डी के मैच में बंगाल को सात विकेट से हराया। विदर्भ के लिए उमेश यादव ने 33 रन पर पांच विकेट लिये जबकि करुण नायर ने 52 गेंद में नाबाद 95 रन बनाये।
बंगाल की टीम आठ विकेट पर 212 रन बनाने के बाद भी 13 गेंद शेष रहते मैच हार गयी।
भाषा आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
