कोलंबो, 17 सितंबर ( भाषा ) श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने एशिया कप फाइनल में शर्मनाक हार का ठीकरा अपने बल्लेबाजों पर फोड़ते हुए भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन की तारीफ की ।
सिराज ने सात ओवर में 21 रन देकर छह विकेट लिये । श्रीलंकाई टीम 50 रन पर आउट हो गई ।
शनाका ने मैच के बाद कहा ,‘‘ सिराज ने शानदार गेंदबाजी की । उसे इसका श्रेय जाता है ।’’
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के उनके फैसले को सिराज ने गलत साबित कर दिया ।
शनाका ने कहा ,‘‘ मुझे लगा कि यह बल्लेबाजों के लिये अच्छी पिच है लेकिन मौसम के कारण काफी कठिनाई आई । वैसे बल्लेबाज तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर सकते थे ।’’
उन्होंने अपने प्रशंसकों से फाइनल के खराब प्रदर्शन के लिये माफी मांगी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ पांच प्रमुख खिलाड़ियों के बिना हम फाइनल तक पहुंचे । दो साल पहले हम जिस स्थिति में थे , यह अच्छा संकेत है । हम अपने प्रशंसकों का धन्यवाद देते हैं और उनसे माफी मांगते हैं कि हमने उन्हें निराश किया । भारतीय टीम को शानदार प्रदर्शन के लिये बधाई ।’
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
