scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअदालत ने तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

अदालत ने तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

विजयवाड़ा, 10 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार घोटाले में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू को रविवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

सीआईडी के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को शनिवार सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से कौशल विकास निगम घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी बस में सो रहे थे।

चंद्रबाबू की गिरफ्तारी के लगभग 36 घंटे बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एक अदालत ने रविवार शाम करीब छह बजकर 50 मिनट पर रिमांड आदेश जारी किया।

आंध्र प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता पी. सुधाकर रेड्डी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘यह 370 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का स्पष्ट मामला है। अदालत ने हमारी दलीलें स्वीकार कीं।’’

आंध्र प्रदेश के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के प्रमुख एन. संजय ने शनिवार को कहा था कि नायडू को कौशल विकास निगम में धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिससे राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

नायडू को राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में रखे जाने की संभावना है, जो विजयवाड़ा से लगभग 200 किलोमीटर दूर है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें आज वहां ले जाया जाएगा या नहीं।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments