scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशपत्नी के साथ मारपीट करने से रोकने पर एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को मार डाला

पत्नी के साथ मारपीट करने से रोकने पर एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को मार डाला

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के किशनगढ़ में एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपने मित्र को उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने से रोका तो उसने कथित रूप से चाकू घोंपकर दोस्त की हत्या कर दी।

पुलिस ने रविवार को बताया कि रोबिन श्रेष्ठ (25) की हत्या के आरोप में उसके मित्र मिंगचांग उर्फ जिम्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि रोबिन के घर पर शनिवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे यह वारदात हुई।

पुलिस के अनुसार मुनिरका निवासी रोबिन दो साल से अपनी सहजीवन साथी के साथ रह रहा था और वह नोएडा में एक कॉल सेंटर में काम करता था।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को किशनगढ़ थाने में इस घटना के बारे में पीसीआर कॉल आया, जिसके बाद एक पुलिस दल मौके पर भेजा गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया ।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जिम्मी मणिपुर का रहने वाला है और नगा जनजाति से संबद्ध है।’’

उन्होंने बताया कि आरोपी, उसकी पत्नी और दो साल का उनका बेटा रोबिन के घर में रह रहे थे क्योंकि उनके मकान में एसी नहीं था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नाखुन को कलात्मक रूप देने वाले कलाकार जिम्मी ने रोबिन के घर में शराब पी ली तथा अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगा। इस पर रोबिन और उसकी महिला मित्र ने दखल देते हुए उसे ऐसा करने से रोका तब उनके बीच कहासुनी होने लगी।’’

उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े चार बजे कहासुनी बढ़ गयी तथा आरोपी ने चाकू निकाला एवं रोबिन की छाती में घोंप दिया और वहां से भाग निकला। उन्होंने बताया कि रोबिन को घायल स्थिति में उसकी महिला मित्र सफदरजंग अस्पताल ले गयी जहां उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने कहा कि इस घटना के बाद जिम्मी पर भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments