scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशभारत ने ब्राजील को सौंपी जी20 की अध्यक्षता, नवंबर में डिजिटल शिखर सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव दिया

भारत ने ब्राजील को सौंपी जी20 की अध्यक्षता, नवंबर में डिजिटल शिखर सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव दिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जी20 की अध्यक्षता ब्राजील के राष्ट्रपति इनासियो लूला डी सिल्वा को सौंपी और भारत की अध्यक्षता के दौरान लिए गए फैसलों पर हुई प्रगति की समीक्षा के लिए नवंबर में एक डिजिटल सत्र के आयोजन का प्रस्ताव दिया।

ब्राजील आधिकारिक रूप से इस साल एक दिसंबर को जी20 समूह के अध्यक्ष का कार्यभार संभालेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील को पूरा समर्थन दिया और विश्वास जताया कि उसकी अध्यक्षता जी20 समूह के साझा लक्ष्यों को आगे लेकर जाएगी।

मोदी ने कहा, ‘‘भारत ने ब्राजील को गैवल (हथौड़ा) सौंप दिया है। हमारा अटूट विश्वास है कि वे समर्पण, दूरदर्शिता के साथ नेतृत्व करेंगे और समृद्धि के साथ ही वैश्विक एकता को भी आगे बढ़ाएंगे।’’

मोदी ने रविवार को यहां संपन्न हुए जी20 शिखर सम्मेलन में लिए गए फैसलों पर हुई प्रगति की समीक्षा के वास्ते नवंबर के अंत में एक डिजिटल सत्र के आयोजन का प्रस्ताव दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले दो दिन में आपने अपने विचार रखे, सुझाव दिए और कई प्रस्ताव रखे गए। यह हमारी जिम्मेदारी है कि जो सुझाव सामने आए हैं, उन पर बारीकी से गौर किया जाए कि उन्हें कैसे गति दी जा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रस्ताव है कि हमें नवंबर के अंत में जी20 के डिजिटल सत्र का आयोजन करना चाहिए। उस सत्र में, हम उन मुद्दों की समीक्षा कर सकते हैं, जिन पर इस शिखर सम्मेलन के दौरान सहमति बनी थी। हमारे दल इसका विवरण सभी के साथ साझा करेंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि आप सभी इसमें (सत्र में) शामिल होंगे।’’

मोदी ने कहा, ‘‘इसके साथ ही मैं जी20 शिखर सम्मेलन के समापन की घोषणा करता हूं।’’

उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक का संदर्भ देते हुए पूरे विश्व में शांति एवं सौहार्द की प्रार्थना की।

जी20 शिखर सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए लूला डी सिल्वा ने कहा कि समूह की ‘‘विभाजित जी20’’ में कोई दिलचस्पी नहीं थी और संयुक्त कार्रवाई से ही आज की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘गैवल’ सौंपे जाने के तुरंत बाद उन्होंने कहा, ‘‘हमें संघर्ष के बजाय शांति और सहयोग की आवश्यकता है।’’

जी20 का अगला शिखर सम्मेलन नवंबर 2024 में रियो डी जेनेरियो में होगा।

भाषा गोला दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments