लखनऊ, 21 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रमुख नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को निशाना बनाकर एक युवक ने सोमवार को यहां उन पर पार्टी के एक दिवसीय महासम्मेलन में जूता फेंका। पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता के वेश में आये आरोपी आकाश सैनी ने मौर्य को लक्ष्य कर जूता फेंका लेकिन वह मौर्य तक पहुंचने से पहले ही गिर गया।
मौके पर मौजूद पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि आरोपी को जल्द ही कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर विभूति खंड पुलिस को सौंप दिया।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) लखनऊ अनिंदय विक्रम सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘आरोपी आकाश सैनी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। उससे पूछताछ की जाएगी।’
समाजवादी पार्टी का एक दिवसीय ‘महासम्मेलन’ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जा रहा है जिसे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। घटना के समय वह कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे थे।
मौर्य पिछले साल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने पिछले दिनों महाकाव्य रामचरितमानस और हिंदू मंदिरों पर विवादास्पद टिप्पणियां की थीं।
सूत्रों ने दावा किया कि जूता फेंकने वाला युवक आकाश सैनी उनके हालिया कुछ बयानों से नाराज था।
भाषा आनन्द नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
