मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) मुंबई मैराथन के 19वें सत्र का आयोजन 21 जनवरी को होगा और इसके लिए गुरुवार को पंजीकरण शुरू हो गए।
विश्व एथलेटिक्स की एलीट लेबल रोड रेस मुंबई मैराथन का आयोजन पिछले साल कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल बाद किया गया था और इसमें लगभग 55 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
आयोजकों ने विज्ञप्ति में कहा कि एमेच्योर के लिए पंजीकरण 10 अगस्त को शुरू हुए और यह 30 नवंबर या फिर सभी स्थान भरे जाने तक चलेंगे जो भी पहले हो।
हाफ मैराथन के लिए पंजीकरण 12 अगस्त को शुरू होंगे और 25 सितंबर तक चलेंगे।
मैराथन के दौरान हाफ मैराथन में दिव्यांगों के लिए भी सीमित संख्या में स्थान होंगे।
अधिक महिला धावकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण और हाफ दोनों मैराथन में महिला धावकों के लिए सीमित स्थान आरक्षित रखे गए हैं।
ओपन 10के (10 किमी) रेस चैरिटी के लिए होगी और इसका पंजीकरण 16 अगस्त से शुरू होकर 25 सितंबर या फिर सभी स्थान भरे जाने तक चलेंगे जो भी पहले हो।
ड्रीम रन (पांच किमी), सीनियर सिटीजन रन और चैंपियन्स विद डिसेबिलिटी के लिए पंजीकरण 18 अगस्त से 31 अक्टूबर तक होंगे।
इस दौरान ‘वर्चुअल रेस’ भी होगी। वर्चुअल रेस का आयोजन पूर्ण मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किमी और ड्रीम रन वर्ग में किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण एक दिसंबर से आठ जनवरी तक होंगे।
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
