scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलहरमन क्रुइस जूनियर हॉकी टीम के कोच नियुक्त

हरमन क्रुइस जूनियर हॉकी टीम के कोच नियुक्त

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) हॉकी इंडिया ने इस साल होने वाले एफआईएच पुरुष और महिला जूनियर विश्वकप को ध्यान में रखते हुए नीदरलैंड के हरमन क्रुइस को मंगलवार को पुरुष और महिला जूनियर राष्ट्रीय टीमों का कोच नियुक्त किया।

क्रुइस को कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह नीदरलैंड के क्लब डेन बोस्क के कोच रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2006 से 2008 तक नीदरलैंड महिला इंडोर हॉकी टीम और 2008 से 2010 तक आउटडोर टीम के कोच थे। वह 2016 से 2023 तक बेलारूस की टीम के कोच रहे।

भारत की जूनियर टीमों का कोच नियुक्त किए जाने पर क्रुइस ने खुशी व्यक्त की।

क्रुइस ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा,‘‘ मैं हॉकी इंडिया में अपनी नई भूमिका को लेकर उत्साहित हूं। भारत की जूनियर पुरुष और महिला हॉकी टीमों में कुछ बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।’’

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि क्रुइस का अनुभव भारत की जूनियर टीमों के लिए उपयोगी साबित होगा।

उन्होंने कहा,‘‘ मेरा मानना है कि उनका अनुभव एफआईएच जूनियर हॉकी विश्वकप 2023 में भारत की संभावना को मजबूत करेगा। वह जूनियर महिला टीम के कोच तुषार खांडेकर और जूनियर पुरुष टीम के कोच सीआर के साथ मिलकर काम करेंगे।’’

पुरुष जूनियर विश्व कप पांच से 16 दिसंबर के बीच कुआलालंपुर में जबकि महिला जूनियर विश्वकप 29 नवंबर से 10 दिसंबर तक सैंटियागो, चिली में खेला जाएगा।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments