scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमखेलविश्व विश्वविद्यालय खेल: ऐश्वर्य की स्वर्ण पदक की हैट्रिक से भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

विश्व विश्वविद्यालय खेल: ऐश्वर्य की स्वर्ण पदक की हैट्रिक से भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने स्वर्ण पदक की हैट्रिक बनाई जिससे निशानेबाजों और तीरंदाजों ने सोमवार को यहां विश्व विश्वविद्यालय खेलों में भारत के पदकों की संख्या 17 तक पहुंचाया जो देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

प्रतियोगिता के चौथे दिन भारतीय विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक (दो तीरंदाजी और दो निशानेबाजी में), एक रजत (निशानेबाजी) और एक कांस्य (तीरंदाजी) पदक जीता।

कुल मिलाकर भारत नौ स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर है। चीन 17 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। कोरिया (10 स्वर्ण, 10 रजत, चार कांस्य) और जापान (10 स्वर्ण, छह रजत, सात कांस्य) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कोरिया के ग्वांग्जू में 2015 में था जब देश ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक के साथ कुल पांच पदक जीते थे।

ऐश्वर्य ने स्वर्ण पदक ही हैट्रिक बनाई जिससे निशानेबाजों ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल नौ पदक के साथ टीम चैंपियनशिप जीती।

पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन ऐश्वर्य, दिव्यांश सिंह पंवार और अर्जुन बाबूता ने स्वर्ण पदक जीता ।

तीनों ने 1894 . 7 का स्कोर किया जबकि चीन ने 1881 . 9 अंक के साथ रजत पदक जीता । कजाख्स्तान तीसरे स्थान पर रहा ।

भारतीय टीम का यह स्कोर विश्व रिकॉर्ड है और चीन के 2018 में बनाए पिछले रिकॉर्ड से 7.3 अंक बेहतर है।

पुरूषों के व्यक्तिगत वर्ग में ऐश्वर्य ने 252.6 अंक के साथ पीला तमगा जीता जबकि दिव्यांश को रजत पदक मिला । चीन के सोंग वुहान तीसरे स्थान पर रहे ।

ऐश्वर्य ने इससे पहले पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस में भी स्वर्ण पदक जीता था।

कंपाउंड तीरंदाजी में भारत को दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक मिला ।

अवनीत कौर ने अमेरिका की एलिसा ग्रेस स्टरगिल को हराकर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता । वहीं पुरूषों के व्यक्तिगत वर्ग में संग्रामप्रीत बिस्ला को स्वर्ण और अमन सैनी को कांस्य पदक मिला ।

टेबल टेनिस में कबीर हंस ने एकल और मिश्रित युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई।

बैडमिंटन में भारत ने यूक्रेन को 5-0 से हराकर तीसरा लीग मुकाबला जीता।

भाषा सुधीर पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments