बेंगलुरु, 31 जुलाई (भाषा) चोटिल होने के कारण पिछले लगभग एक साल से बाहर रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने सोमवार को यहां केएससीए टी20 टूर्नामेंट का मैच खेल कर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की।
प्रसिद्ध ने माउंट ज्वाय क्रिकेट क्लब की तरफ से सर सैयद क्रिकेटर्स के खिलाफ चार ओवर में 36 रन देकर चार विकेट लिए।
यह राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है जो जल्द ही आयरलैंड के सीमित ओवरों के दौरे और श्रीलंका में होने वाले एशिया कप के लिए टीम का चयन करने वाले हैं।
इस तेज गेंदबाज से जुड़े सूत्रों ने कहा,‘‘ प्रसिद्ध फिट है और दिन के इस प्रदर्शन से उसका आत्मविश्वास बढ़ेगा। वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में भी गेंदबाजी कर रहा था तथा हाल में उसने कुछ अन्य मैच की परिस्थितियों में गेंदबाजी की थी। वह एकदिवसीय मैचों में 10 ओवर का अपना कोटा पूरा करने में सक्षम है।’’
भारत की तरफ से अब तक 11 वनडे खेलने वाले प्रसिद्ध ने राष्ट्रीय टीम की तरफ से अपना आखिरी मैच अगस्त 2022 में जिंबाब्वे के खिलाफ वनडे के रूप में खेला था।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
