मैनचेस्टर (इंग्लैंड), 21 जुलाई (ए़़पी) इंग्लैंड ने शुक्रवार को यहां चौथे टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में आठ विकेट पर 506 रन बनाकर 189 रन की बढ़त हासिल कर ली।
इंग्लैंड को एशेज श्रृंखला को जीवंत रखने के लिए इस टेस्ट में जीत दर्ज करना जरूरी है।
आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस (105 रन देकर एक विकेट) ने शुक्रवार को पहला विकेट अपने समकक्ष बेन स्टोक्स (51 रन) के रूप में लिया जिससे इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 437 रन हो गया, तब टीम की बढ़त 120 रन की हो गयी थी।
लार्ड्स और हेडिंग्ले में क्रमश: 155 रन और 80 रन की पारी खेलने वाले स्टोक्स की एक और महत्वपूर्ण पारी बल्ले का अंदरूनी किनारा लगाने से समाप्त हुई।
मिशेल स्टार्क (118 रन देकर दो विकेट) अजीब तरह से कंधे के बल गिरने से बाद गुरुवार को मैदान छोड़कर चले गये थे। उन्होंने 91वें ओवर में नयी गेंद ली।
इसके बाद तुरंत ही रन गति धीमी हो गयी क्योंकि स्टार्क के इस ओवर में केवल एक ही रन बना। अगले ओवर में जोश हेजलवुड की गेंद पर इंग्लैंड के खिलाड़ी दो रन ही बना सके जिसमें उभरते हुए स्टार हैरी ब्रुक का विकेट भी शामिल रहा जिन्होंने 61 रन बनाये। स्टार्क ने बाउंड्री पर उनका विकेट लपका। इस समय इंग्लैंड की बढ़त 157 रन की हो गयी थी।
स्टार्क ने फिर 93वें ओवर में 12 रन दिये और अगले ही ओवर में क्रिस वोक्स को हेजलवुड ने शून्य पर पवेलियन भेज दिया।
मार्क वुड (06) हेजलवुड (105 रन देकर चार विकेट) का शिकार हुए।
इंग्लैंड ने सुबह चार विकेट पर 384 रन से आगे खेलना शुरु किया तब उसकी कुल बढ़त 67 रन की थी। आस्ट्रेलिया की पहली पारी 317 रन पर सिमट गयी थी।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
