गुवाहाटी, 14 जुलाई (भाषा) असम सरकार ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय (एमजीएचएवी) के साथ शुक्रवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत विश्विवद्यालय पूर्वोत्तर राज्य में अपना एक कैंपस खोलेगा।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि महाराष्ट्र का यह केंद्रीय विश्वविद्यालय कुछ वक्त के लिए गुवाहाटी में एक अस्थायी कैंपस से संचालित होगा।
एमजीएएचवी कैंपस हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं को प्रचलित करने के साथ भाषाओं के अनुसंधान में काम करेगा।
मौके पर मौजूद एमजीएएचवी के कुलपति रजनीश कुमार शुक्ला ने कहा कि गुवाहाटी कैंपस में जल्द ही असमिया भाषा में जन संचार पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एमजीएएचवी असमिया और अन्य भारतीय भाषाओं में कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को लागू करने में एक अहम भूमिका निभाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस मौके पर असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू, राज्य के शिक्षा विभाग के सलाहकार नानी गोपाल महंत और अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
