जम्मू, नौ जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सांबा जिले में एक स्वीमिंग पूल में हाल में हुई गोलीबारी की घटना को सुलझाने का रविवार को दावा किया। सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेनाम तोष ने बताया कि इस मामले में सांबा के विजयपुर के बलविंदर सिंह उर्फ ‘गोरू’ की मुख्य आरोपी के रूप में पहचान की गयी है और हिमालच प्रदेश के धर्मशाला एवं मैक्लोडगंज में छापे के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को 10 नकाबपोश बीरपुर स्वीमिंग पूल पहुंचे थे और उन्होंने धारदार हथियारों से प्रहार कर वहां के दो कर्मियों — ताहिर लतीफ और मुजफ्फर सिराज को घायल कर दिया एवं एवं वहां से भागने से पहले उन्होंने पिस्तौल से गोलियां भी चलायीं । उन्होंने बताया कि इस घटना के तत्काल बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया एवं जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच से खुलासा हुआ है कि ‘लंबू-गुज्जर-गैंग’ उर्फ ‘युका गुज्जर-गैंग’ ने बीरपुर में स्वीमिंग पुल के निर्दोष सुरक्षागार्डों पर जान लेवा हमला किया। यह गैंग हेरोइन तस्करी को लेकर कुख्यात है।
पुलिस के अनुसार इस घटना से कुछ दिन पहले गैंग के कुछ सदस्यों की स्वीमिंग पूल के कर्मियों के साथ कहासुनी हुई थी क्योंकि इन कर्मियों ने पूल में उन्हें कपड़े पहनकर नहाने की अनुमति नहीं दी थी।
पुलिस ने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
भाषा राजकुमार राजकुमार नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
