अमृतसर, एक जुलाई (भाषा) शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (एसजीपीसी) ने कथित एक करोड़ रुपये के गबन के मामले में दो कर्मियों को निलंबित कर दिया है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी के मुताबिक एसजीपीसी के लेखा प्रभाग ने कथित वित्तीय अनियमितता का पता लगाया।
उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन के शीर्ष निकाय ने कथित गबन के आरोप में दो कर्मियों को निलंबित कर दिया और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।
एसजीपीसी प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) सतबीर सिंह ने बताया कि सामुदायिक रसोईघर के दो ‘स्टोरकीपर’(भंडारी) को कथित तौर पर अनियमितता करने के आरोप में निलंबित किया गया है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी बासी खाने की बिक्री के बाद प्राप्त राशि गुरुद्वारा निकाय के खाते में नहीं जमा कराने के जिम्मेदार बताए गए हैं। स्टोरकीपर बासी रोटी, चावल और अन्य सामग्री जानवरों का चारा बनाने के लिए औद्योगिक इकाइयों को भेजने के लिए जिम्मेदार हैं।
अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच बासी-खराब खाने की बिक्री से प्राप्त राशि एसजीपीसी के खाते में जमा कराई जानी चाहिए थी।
सिंह ने बताया कि उच्च स्तरीय जांच चल रही है और अंतिम रिपोर्ट जल्द ही जांच अधिकारी एसजीपीसी कार्यालय में जमा कराएंगे।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.