कोलंबो, एक जुलाई (भाषा) श्रीलंका की संसद ने घरेलू ऋण पुनर्गठन (डीडीआर) योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना पर चर्चा के लिए शनिवार को एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। देश की बैंकिंग व्यवस्था को फिर से जिंदा करने के सरकार के प्रयासों के तहत यह योजना लाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के राहत कार्यक्रम में घरेलू ऋण पुनर्गठन (डीडीआर) की एक प्रमुख शर्त है। आईएमएफ ने मार्च में श्रीलंका के लिए तीन अरब अमेरिकी डॉलर के राहत पैकेज को मंजूरी दी थी।
डीडीआर योजना के पक्ष में 122 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 62 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच आक्रामक बहस हुई।
योजना को संसद की मंजूरी मिलने के बाद इसे चार जुलाई को जनता के सामने पेश किया जाएगा। सेवानिवृत्ति निधि ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) और ईटीएफ (कर्मचारी ट्रस्ट फंड) को इसकी समीक्षा करने और इससे सहमत या असहमत होने के लिए 25 जुलाई तक का समय दिया गया है।
इससे पहले श्रीलंका की संसदीय निरीक्षण समिति ने शुक्रवार को कुछ संशोधनों के साथ प्रस्तावित डीडीआर योजना को मंजूरी दी थी।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.