नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कंझावला में 920 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के तौर पर विकसित करने के लिए चिह्नित किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इसके साथ ही यह दिल्ली में सबसे बड़े औद्योगिक संकुल में शामिल हो गया है।
उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कंझावला के साथ, सक्सेना ने बापरोला गांव में भी 300 एकड़ को औद्योगिकी क्षेत्र के तौर पर विकसित करने की मंजूरी दे दी है। यहां दिल्ली सरकार ने एक इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय राजधानी में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को युक्तिसंगत और संवर्धित करेगा तथा अवैध औद्योगिक क्षेत्रों का प्रसार रोकेगा।
दिल्ली के उत्तर-पश्चिम में कंझावला में औद्योगिकी क्षेत्र स्थापित करने का काम दिल्ली राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) करेगा।
भाषा अनुराग रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
