नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) मद्रास उच्च न्यायालय की न्यायाधीश वी एम वेलुमणि को बृहस्पतिवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया। एक महीने पहले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के उच्च न्यायालय में तबादले के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया था।
केंद्रीय कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने स्थानांतरण के संबंध में एक अधिसूचना जारी की। न्यायमूर्ति अनिरेड्डी अभिषेक रेड्डी के तेलंगाना उच्च न्यायालय से पटना उच्च न्यायालय में स्थानांतरण करने के बारे में भी अधिसूचना जारी की गई है। कॉलेजियम ने 24 नवंबर, 2022 को रेड्डी के स्थानांतरण की सिफारिश की थी।
न्यायमूर्ति वेलुमणि दिसंबर 2013 में मद्रास उच्च न्यायालय की न्यायाधीश नियुक्त की गई थीं। कॉलेजियम ने सितंबर 2022 में उन्हें ‘‘न्याय के बेहतर प्रशासन के लिए’’ कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया था।
इस साल 28 मार्च के कॉलेजियम के एक प्रस्ताव के अनुसार, न्यायमूर्ति वेलुमणि ने 14 अक्टूबर, 2022 को एक पत्र के माध्यम से सिफारिश पर पुनर्विचार का अनुरोध किया था। मार्च 2023 के प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘कॉलेजियम द्वारा उनके अनुरोध को स्वीकार नहीं किया गया। कॉलेजियम ने 24 नवंबर, 2022 के एक प्रस्ताव द्वारा उनके स्थानांतरण की सिफारिश को दोहराया।’’
कॉलेजियम को 17 मार्च को एक नए पत्र में न्यायमूर्ति वेलुमणि ने पूर्वोत्तर राज्यों के उच्च न्यायालय मुख्यत: मणिपुर या त्रिपुरा में इस आधार पर स्थानांतरण का अनुरोध किया था कि ऐसे में वह चेन्नई में अपने आधिकारिक आवास को बनाए रखने में सक्षम होंगी।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
