नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दी और लोगों से भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को अपने मन, वचन, कर्म और आचरण में उतारने की अपील की।
राष्ट्रपति भवन के एक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर, मैं दुनिया भर में रह रहे नागरिकों और भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’
उन्होंने कहा कि करुणा के प्रतीक भगवान बुद्ध ने हमें ज्ञान, सहनशीलता और सदाचार का मार्ग दिखाया और उनका सरल और प्रभावी उपदेश हमें प्रेम, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ महात्मा बुद्ध का जीवन संयम और अनुशासन का सर्वोत्तम उदाहरण है। उनकी शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन करती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ आइए, इस पवित्र अवसर पर हम भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को अपने मन, वचन, कर्म और आचरण में धारण करें और एक गौरवशाली राष्ट्र के निर्माण की दिशा में कार्य करें।’’
भाषा दीपक दीपक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
