scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतएचसीएल टेक का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 10.85 प्रतिशत बढ़कर 3,983 करोड़ रुपये पर

एचसीएल टेक का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 10.85 प्रतिशत बढ़कर 3,983 करोड़ रुपये पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने बीते वित्त वर्ष (2022-23) की मार्च में समाप्त चौथी तिमाही में 3,983 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 10.85 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को जनवरी-मार्च, 2023 के वित्तीय परिणाम जारी करते हुए कहा कि इस अवधि में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 3,983 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 3,599 करोड़ रुपये था।

हालांकि दिसंबर, 2022 तिमाही की तुलना में एचसीएल टेक का शुद्ध लाभ करीब तीन प्रतिशत घट गया है। बीते वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी ने 4,096 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि बीते वित्त वर्ष की चौथी एवं अंतिम तिमाही में उसकी परिचालन आय करीब 18 प्रतिशत बढ़कर 26,606 करोड़ रुपये हो गई। मार्च, 2022 की तिमाही में यह 22,597 करोड़ रुपये रही थी।

हालांकि, अक्टूबर-दिसंबर, 2022 तिमाही की तुलना में कंपनी की आय घट गई है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय 26,700 करोड़ रुपये रही थी।

समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का लाभ 10 प्रतिशत बढ़कर 14,845 करोड़ रुपये हो गया जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 13,499 करोड़ रुपये रहा था।

बीते वित्त वर्ष में कंपनी की एकीकृत आय 18.45 प्रतिशत बढ़कर 1,01,456 करोड़ रुपये हो गई जबकि इसके एक साल पहले यह 85,651 करोड़ रुपये रही थी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments