(फोटो के साथ)
जम्मू, 19 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) की नेता अनीता ठाकुर बुधवार को यहां गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) में शामिल हो गईं।
आजाद और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जेकेएनपीपी की महासचिव ठाकुर (55) का पार्टी में स्वागत किया।
आजाद ने कहा, “हम ठाकुर का डीपीएपी में स्वागत करते हैं। वह एक अनुभवी राजनेता हैं, जिन्होंने धर्मनिरपेक्ष और कद्दावर विपक्षी नेता प्रोफेसर भीम सिंह के नेतृत्व में दशकों तक एनपीपी में अपनी सेवाएं दीं।”
आजाद ने कहा कि ठाकुर के डीपीएपी में शामिल होने से पार्टी जमीनी स्तर पर और मजबूत होगी।
ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “डीपीएपी हक और इंसाफ पर आधारित है और धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे की बात करती है। सिंह ने अपने पूरे जीवन में इसी विचारधारा का प्रचार किया और यही पार्टी में मेरे शामिल होने का कारण है।”
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर कठिन दौर से गुजर रहा है, खासकर जब से राज्य का दर्जा खत्म कर इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया है।
ठाकुर ने कहा, “हमारे 200 साल पुराने राज्य को एक केंद्र शासित प्रदेश में बदल दिया गया। हमें अपने अधिकारों की बहाली के लिए आजाद जैसे नेताओं को मजबूत करना होगा और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख को फिर से जोड़ना होगा।”
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.