कोझीकोड (केरल), 18 अप्रैल (भाषा) केरल पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के एक नेता को यहां प्रवासी कामगारों के एक शिविर से सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया । वह झारखंड का रहने वाला है और वहां कई आपराधिक मामलों में वांछित है।
उसे देर रात करीब साढ़े 12 बजे गिरफ्तार किया गया और वह पंथीरनकावु पुलिस थाने में हिरासत में है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वह शिविर में श्रमिकों के साथ रह रहा था तथा यहां प्रवासी कामगार के तौर पर काम कर रहा था।’’
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी झारखंड में पीएलएफआई का क्षेत्रीय नेता है और ऐसा संदेह है कि वहां हाल में कई सड़क निर्माण वाहनों में आग लगाने की साजिश में वह शामिल था।
इसके अलावा वह विभिन्न हथियार रखने के लिए शस्त्र कानून के तहत 2019 के एक मामले भी आरोपी है।
उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस ने केरल पुलिस को बताया था कि आरोपी दक्षिणी राज्य में हो सकता है और उसके द्वारा दी गयी सूचनाओं के आधार पर कोझीकोड जिले में सभी श्रमिक शिविरों की तलाशी ली गयी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सैकड़ों कामगारों की पहचान की पुष्टि करने के बाद हमें वह मिला।’’
केरल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया। चूंकि झारखंड पुलिस के पास उसे सुरक्षित रखने की कोई व्यवस्था नहीं है तो आरोपी को अभी पंथीरनकावु पुलिस थाने में हिरासत में रख गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड समेत अन्य बंदोबस्त कर रही है।’’
भाषा गोला नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.