scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतपोलैंड ने किसानों को शांत करने के लिए यूक्रेन से खाद्य पदार्थों के आयात पर लगाया प्रतिबंध

पोलैंड ने किसानों को शांत करने के लिए यूक्रेन से खाद्य पदार्थों के आयात पर लगाया प्रतिबंध

Text Size:

वारसा, 15 अप्रैल (भाषा) पोलैंड की सरकार ने किसानों के गुस्से को शांत करने के लिए अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों के यूक्रेन से आयात पर अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगा दिया है। पोलैंड की सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

किसानों का कहना है कि बाजार में यूक्रेनी अनाज की भरमार के कारण उन्हें बहुत नुकसान हो रहा है।

सत्तारूढ़ दल के नेता जारोस्लाव काक्जेंस्की ने पूर्वी पोलैंड में पार्टी सम्मेलन में कहा कि पोलैंड ‘ग्रामीण इलाकों में संकट का सामना कर रहा है। हालांकि पोलैंड यूक्रेन का समर्थन करता है लेकिन उसे अपने किसानों को बचाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी।’

उन्होंने कहा, “आज, सरकार ने एक नियमन पर निर्णय लिया है जो पोलैंड में अनाज समेत दर्जनों अन्य प्रकार के भोजन के आयात पर प्रतिबंध लगाता है।”

सरकार ने घोषणा की कि आयात पर प्रतिबंध 30 जून तक रहेगा। आयात के लिए प्रतिबंधित वस्तुओं में चीनी, अंडे, मांस, दूध और अन्य डेयरी उत्पाद और फल व सब्जियां शामिल हैं।

पोलैंड के अलावा उसके अन्य पड़ोसी देशों में भी ऐसी ही स्थिति दिखने लगी है। इन देशों में यूक्रेन से आयातित खाद्य उत्पादों के कारण स्थानीय किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

पोलैंड के कृषि मंत्री रॉबर्ट टेलस ने बुल्गारिया, चेक गणराज्य, रोमानिया, स्लोवाकिया और हंगरी के कृषि मंत्रियों से इसी सप्ताह कहा, “यूक्रेन से कृषि उत्पादों के आयात से स्थानीय बाजारों में भारी अव्यवस्था हो रही है, जिससे उत्पादकों को भारी नुकसान हो रहा है और सामाजिक अस्थिरता हो रही है।”

भाषा अनुराग माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments