scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशतानों से आहत होकर अधिवक्‍ता ने नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की, पुलिस ने बचाया

तानों से आहत होकर अधिवक्‍ता ने नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की, पुलिस ने बचाया

Text Size:

बहराइच (उप्र),15 अप्रैल(भाषा), बहराइच जिले के जरवल रोड थाना इलाके में कथित तौर पर अपने साथी को बार काउंसिल का चुनाव नहीं जिता पाने पर विजयी पक्ष के तानों से आहत होकर एक अधिवक्ता ने शुक्रवार देर रात घाघरा नदी पुल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने गोताखोर लगाकर अधिवक्ता की जान बचा ली। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बहराइच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रशांत वर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से बताया कि शुक्रवार देर रात एक व्‍यक्ति ने घाघरा नदी पर बने एल्गिन ब्रिज पर अपनी मोटर साइकिल खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी।

उन्होंने बताया कि घाघरा पुल पर खड़े पुलिस पिकेट ड्यूटी व घाघरा घाट कर्मचारियों ने घने अंधेरे में टॉर्च जलाकर तलाश की तो नदी में एक व्‍यक्ति बहता देखा गया। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में डूब रहे व्यक्ति को सकुशल बचाकर बाहर निकाला।

एसपी ने बताया कि बचाए गये व्यक्ति ने अपना परिचय बाराबंकी निवासी एडवोकेट ज्ञानेश शुक्ला (56) बताया। उन्होंने बताया कि डूबने वाले अधिवक्ता ने पूछे जाने पर बताया कि 12 अप्रैल को बाराबंकी में हुए बार एसोसिएशन चुनाव का परिणाम बृहस्पतिवार को आया था। चुनाव में मैंने भी एक प्रत्याशी को लड़ाया था जो चुनाव हार गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि अधिवक्ता ने बताया कि चुनाव हारने के बाद जीते प्रत्याशी पक्ष द्वारा बार-बार तंज कसने से आहत एवं क्षुब्ध होकर मैंने अपनी मोटर साइकिल से घाघरा नदी के पास पहुंच कर नदी में छलांग लगा दिया, परन्तु पुलिस द्वारा मुझे बचाते हुए बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने बताया कि रात ही में अधिवक्‍ता के परिजनों को बुलाकर उनके साथ उसे रवाना कर दिया गया है।

गौरतलब है कि बाराबंकी और बहराइच सीमा पर घाघरा नदी का एल्गिन ब्रिज स्थित है। पुल के एक तरफ बहराइच और दूसरी ओर बाराबंकी जनपद है। नदी के जिस भाग में अधिवक्ता ने छलांग लगाई वह स्थान बहराइच जनपद के जरवल रोड थाना अंतर्गत आता है।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments