scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशउप्र : सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

उप्र : सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

Text Size:

गोंडा, 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद उत्तेजित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

कर्नलगंज की पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला ने बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र के ककरहा बेलमत्थर का रहने वाला राजकुमार (26) अपने दोस्त बिहुरी गोसांई पुरवा निवासी ललित (18) के साथ बृहस्‍पतिवार को मोटर साइकिल से चकरौत गांव गया था।

उन्होंने बताया कि दोनों काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी परसपुर-कर्नलगंज मार्ग पर रानी बगिया के पास एक पिकअप वैन ने ट्रक से आगे निकलने के प्रयास में सामने से आ रही उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।

शुक्ला के मुताबिक, पिकअप वैन की टक्कर से दोनों युवक बीच सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन सहित भाग गया, जबकि ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, लेकिन उसका चालक फरार होने में सफल रहा।

शुक्ला के मुताबिक, युवकों की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण पिकअप वैन के चालक को पकड़ने की मांग पर अड़े रहे।

शुक्ला के अनुसार, पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक राजकुमार के पिता राम जियावन की तहरीर पर स्थानीय थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा

सं जफर

मनीषा पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments