scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशभाजपा चली आप की राह, दिल्ली के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा कार्यक्रम शुरू किया

भाजपा चली आप की राह, दिल्ली के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा कार्यक्रम शुरू किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को बुजुर्गों और महिलाओं के लिए एक मुफ्त तीर्थयात्रा कार्यक्रम की शुरूआत की तथा पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने मथुरा-वृंदावन के लिए चार बसों को हरी झंडी दिखा कर यहां से रवाना किया।

भाजपा का मुफ्त तीर्थयात्रा कार्यक्रम दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना’ की तर्ज पर है, जिसके तहत बुजुर्ग नागरिकों को देश भर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराई जाती है।

यहां कोंडली से चार बसों को मथुरा, वृंदावन और गोवर्द्धन के लिए बृहस्पतिवार को रवाना किया गया, जिनमें करीब 200 बुजुर्ग नागरिक एवं महिलाएं सवार हैं।

सचदेवा ने कहा कि भारत की आत्मा तीर्थस्थलों में बसी हुई है और ‘‘जब तक हमारा धर्म एवं संस्कृति बरकरार है तब तक हमारा अस्तित्व है।’’

भाजपा की दिल्ली इकाई के कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल ने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में, हम वाराणसी और अयोध्या के लिए बसों को रवाना करेंगे।’’

भाजपा ने गैर लाभकारी समूह ‘‘आओ साथ चलें’’ के सहयोग से इस कार्यक्रम की शुरूआत की है।

मित्तल ने बताया कि तीर्थयात्रा कार्यक्रम पूरी तरह से नि:शुल्क है। भोजन और ठहरने के सभी इंतजाम गैर लाभकारी समूह के जरिये सुनिश्चित किये जाएंगे।

भाषा सुभाष मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments