नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच बड़े हवाई अभ्यास का अगला चरण बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है जिसमें अमेरिकी वायुसेना के बी1बी बमवर्षक विमान, एफ-15 लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे। भारतीय वायु सेना ने यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा वायु सेना स्टेशन में अभ्यास के दौरान भारतीय वायु सेना के एसयू-30 एमकेआई, राफेल, तेजस और जगुआर लड़ाकू विमान शामिल होंगे। दोनों रणनीतिक साझेदारों के बीच हवाई अभ्यास सोमवार से शुरू हुआ।
कलाईकुंडा वायु सेना स्टेशन में ‘कोप इंडिया’ अभ्यास के दौरान अमेरिकी प्रशांत वायु सेना के कमांडर जनरल केनेथ एस विल्सबैक ने भारतीय वायु सेना के एसयू-30 एमकेआई को उड़ाया। एसयू-30 एमकेआई मूल रूप से रूस द्वारा विकसित विमान है।
वायु सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘कोप इंडिया अभ्यास के अगले चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को वायु सेना स्टेशन, कलाईकुंडा में होगी। अभ्यास के इस चरण में अमेरिकी वायुसेना के बी1बी बमवर्षक विमान तथा बाद में एफ-15 लड़ाकू विमान भी इसमें शामिल होंगे।’’
बयान में कहा गया, ‘‘इसमें भारतीय वायु सेना के एसयू-30 एमकेआई, राफेल, तेजस और जगुआर लड़ाकू विमान शामिल होंगे। इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के हवाई रिफ्यूलर, हवाई चेतावनी एवं नियंत्रण प्रणाली और हवाई प्रारंभिक चेतावनी एवं नियंत्रण विमान अपना समर्थन प्रदान करेंगे।’’
बयान में कहा गया कि यह अभ्यास 24 अप्रैल को समाप्त होगा। बयान में कहा गया कि यह अभ्यास दोनों वायु सेनाओं के बीच पेशेवर संबंधों को बढ़ावा देने में सहायता प्रदान करेगा और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करेगा।
बयान के मुताबिक जापानी वायु आत्मरक्षा बल के कर्मी इस अभ्यास का निरीक्षण करेंगे और इसमें शामिल होने वाली दोनों वायु सेनाओं के साथ बातचीत करेंगे।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.