scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशउप्र में कोविड की स्थिति नियंत्रण में, मगर सतर्क रहना जरूरी : मुख्यमंत्री

उप्र में कोविड की स्थिति नियंत्रण में, मगर सतर्क रहना जरूरी : मुख्यमंत्री

Text Size:

लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) देश के कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है लेकिन सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कोविड सलाहकार समिति और उच्चस्तरीय टीम-9 के साथ प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की।

आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि पिछले कुछ समय से देश के विभिन्न राज्यों में कोविड-19 के मामलों में बढोत्तरी देखी जा रही है। हालांकि उत्तर प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, यहां न केवल संक्रमण की दर कम है, बल्कि जो संक्रमित मरीज मिल रहे हैं, उनकी स्थिति भी सामान्य है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक यह स्थिति घबराने की नहीं सतर्क और सावधान रहने की है।

योगी ने कहा, ‘‘इस वक्त उत्तर प्रदेश में कोविड के 1,791 मरीज उपचाराधीन हैं और अप्रैल माह में अब तक संक्रमण की दर 0.65% रही है। मगर पिछले अनुभवों को देखते हुए यह जरूरी होगा कि हम हर स्तर पर सतर्क रहें।’’

सभी को सचेत रहने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, वाराणसी, आगरा और मेरठ जनपद में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोविड-19 रोधी टीकाकरण हुआ है लिहाजा इस राज्य में बीमारी के गंभीर खतरे की आशंका कम है, इसके बावजूद सभी को कोविड प्रोटोकोल का पालन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि गंभीर रोग से ग्रस्त लोग और वृद्धजन भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आने-जाने से जहां तक हो सके परहेज करें और अस्पतालों में मास्क लगाना अनिवार्य किया जाए।

भाषा सलीम अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments