scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशअर्थजगतवित्तीय सेवा सचिव ने पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई के तहत नामांकन बढ़ाने को कहा

वित्तीय सेवा सचिव ने पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई के तहत नामांकन बढ़ाने को कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) वित्तीय सेवा सचिव विवेक जोशी ने सूक्ष्म बीमा योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए 10 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

इन मंत्रालयों और विभागों में श्रम और रोजगार, आवास और शहरी मामले, कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास शामिल हैं।

सूक्ष्म बीमा योजनाओं – प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत ‘कवरेज’ को बढ़ावा देने के लिए बुलाई गई इस बैठक में पंचायती राज मंत्रालय, खान मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, कोयला मंत्रालय, डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

बैठक में इन योजनाओं के तहत पंचायत स्तर तक नामांकन बढ़ाने को कहा गया।

वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बयान में कहा कि इसके लिए तीन महीने तक अभियान चलेगा। अभियान एक अप्रैल से 30 जून, 2023 तक देश के सभी जिलों में चलाया जाएगा।

जोशी ने संबंधित मंत्रालयों/विभागों को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मचारियों, खान श्रमिकों, सभी असंगठित मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों, शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारियों, मनरेगा श्रमिकों को दोनों सूक्ष्म बीमा योजनाओं के तहत शामिल करने को कहा।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments