scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशदिल्ली: रिश्ता खत्म करने व शादी से इनकार करने पर लड़के ने नाबालिग लड़की पर किया हमला

दिल्ली: रिश्ता खत्म करने व शादी से इनकार करने पर लड़के ने नाबालिग लड़की पर किया हमला

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में एक लड़के ने कथित तौर पर दोस्ती तोड़ने और शादी से इनकार करने पर एक नाबालिग लड़की पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके के मोलड़बंद एक्सटेंशन में हुई जब लड़की अपने दोस्त के घर पर थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच कथित तौर पर पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे। हाल ही में लड़की ने संबंध खत्म कर उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने बताया कि लड़की के गले और सिर पर चोट आई है। एम्स के ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि लड़की के परिचित एक व्यक्ति ने उसे मारने के इरादे से चाकू से हमला किया क्योंकि उसने रिश्ता तोड़ दिया था और उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने कहा, ‘‘ हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 506 (आपराधिक धमकी) और 452 (अनुमति के बिना घर में घुसना, चोट पहुंचाना, हमला करना या गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया है।’’

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

भाषा निहारिका नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments