मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री लारा दत्ता ने रविवार को कहा कि निर्देशक विशाल भारद्वाज और गायिका रेखा भारद्वाज के साथ आगामी वेब श्रृंखला ‘चार्ली चोपड़ा एंड द मिस्ट्री ऑफ सोलांग वैली’ के लिए काम करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है।
अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर लिखा, ‘विशाल सर और रेखा जी दोनों के साथ काम करना एक सपने के सच होने जैसा है। मैं लंबे समय से इसकी चाहत कर रही थी। दोनों के लिए प्यार, प्रशंसा और सम्मान।’
निर्माता एवं निर्देशक विशाल भारद्वाज इस वेब श्रृंखला के साथ ओटीटी (ओवर द टॉप) मंच पर पदार्पण कर रहे हैं। यह अगाथा क्रिस्टी के उपन्यास ‘द सिटाफोर्ड मिस्ट्री’ पर आधारित है, जिसका प्रसारण ओटीटी मंच सोनी लिव पर होगा।
इस श्रृंखला में लारा दत्ता के अलावा वामिका गब्बी, प्रियांशु पेन्युली, नसीरुद्दीन शाह, नीना गुप्ता, रत्ना पाठक शाह, गुलशन ग्रोवर, चंदन रॉय सान्याल और पाओली डैम भी नजर आएंगे।
‘चार्ली चोपड़ा एंड द मिस्ट्री ऑफ सोलांग वैली’ अगाथा क्रिस्टी लिमिटेड के सहयोग से प्रीति शाहनी की टस्क टेल फिल्म्स और विशाल भारद्वाज पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है।
विशाल भारद्वाज इस श्रृंखला का निर्देशन और सह-निर्माण करेंगे। वह अंजुम राजाबली और ज्योत्सना हरिहरन के साथ सह-पटकथा लेखक के रूप में भी काम करेंगे।
भाषा साजन सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.