नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के महिलाओं से संबंधित बयान को लेकर शनिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह टिप्पणी सत्तारूढ़ पार्टी के असली चाल-चरित्र और चेहरे को दर्शाती है।
विजयवर्गीय ने कथित तौर पर कहा था कि ‘गंदे कपड़े’ पहनकर बाहर निकलीं लड़कियां बिलकुल शूर्पणखा लगती हैं। उन्होंने भारतीय संस्कारों की दुहाई देते हुए युवतियों से ‘अच्छे कपड़े’ पहनने को कहा था।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भाजपा में शूर्पणखा से विशेष प्रेम है। प्रधानमंत्री मोदी सदन में हमारी सांसद रेणुका चौधरी जी को शूर्पणखा बुलाते हैं। अब कैलाश विजयवर्गीय जी इस देश की बेटियों को शूर्पणखा बुला रहे हैं। यही इनका असली चाल, चरित्र और चेहरा है।’’
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख नेटा डिसूजा ने एक बयान में कहा, ‘‘घटिया बयानों के जरिये मर्यादा पार करना भाजपा की आदत हो गई है। कैलाश विजयवर्गीय का बयान इस देश की हर महिला का अपमान है।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘(क्या) महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी जी इस पर मौन रहेंगी? क्या वह इस घटिया बयान पर चुप्पी तोड़ेंगी?’’
तृणमूल कांग्रेस के सांसद जवाहर सरकार ने कहा कि विजयवर्गीय का बयान भाजपा की ‘महिला विरोधी मानसिकता’ को दिखाता है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचाराधारा में ही महिला-विरोध निहित है।
भाषा हक माधव सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
