ठाणे, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस 10 अप्रैल को ठाणे शहर से महाराष्ट्र में ‘जय भारत सत्याग्रह’ शुरू करेगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार से पूरे राज्य में अभियान चलाया जाएगा और इस दौरान पार्टी के नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की “गलत नीतियों” और देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बारे में जनता के बीच जागरूकता पैदा करेंगे।
कांग्रेस की ठाणे शहर जिला इकाई के प्रमुख विक्रांत चव्हाण ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) की कार्यकारी समिति की बैठक 10 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच शहर में होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी एच. के. पाटिल और राज्य इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे।
पार्टी नेता ने कहा कि बैठक में वर्तमान परिदृश्य से संबंधित कई प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
