scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में चेन्नई-कोयम्बटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में चेन्नई-कोयम्बटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

Text Size:

(फोटो के साथ)

चेन्नई, आठ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चेन्नई-कोयम्बटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से तमिलनाडु की राजधानी और पश्चिमी औद्योगिक शहर के बीच यात्रा के समय में एक घंटे से अधिक की कमी आने की उम्मीद है।

डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो आधुनिक विशेषताओं और यात्री सुविधाओं से लैस है। उन्होंने ट्रेन में स्कूली छात्रों से भी बातचीत की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यह 5 घंटे 50 मिनट के यात्रा समय के साथ दोनों शहरों के बीच सबसे तेज ट्रेन है, जिससे यात्रा के समय में एक घंटे से अधिक की बचत होगी।’’

तमिलनाडु के दोनों शहरों को जोड़ने वाली ट्रेन में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, सभी डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे और स्वचालित ‘स्लाइडिंग’ दरवाजों के साथ यात्री सुरक्षा को बढ़ाया गया है। दिव्यांगों के अनुकूल शौचालय, ब्रेल लिपि में सीट हैंडल नंबर, एलईडी लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं और 360 डिग्री घूमने योग्य सीट अन्य विशेषताएं हैं।

इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन उपस्थित थे।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments