नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) कॉफी स्टोर श्रृंखला का परिचालन करने वाली कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (सीडीईएल) ने 31 मार्च, 2023 को समाप्त तिमाही में 436.06 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान में चूक की।
सीडीईएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि अल्पावधि एवं दीर्घावधि कर्जों को मिलाकर उसकी कुल वित्तीय देनदारी 461.06 करोड़ रुपये है।
इसमें से बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों का उस पर कुल 220.65 करोड़ रुपये बकाया है जिसमें से वह 189.87 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज और 5.78 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाने में चूक कर गया है।
इसके अलावा कंपनी पर गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जैसी गैर-सूचीबद्ध ऋण प्रतिभूतियों का कुल बकाया 240.41 करोड़ रुपये है।
सीडीईएल ने मार्च 2020 में ब्लैकस्टोन ग्रुप के साथ सौदा होने के बाद 1,644 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज भुगतान प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। जुलाई, 2019 में कंपनी के संस्थापक चेयरमैन वी जी सिद्धार्थ की मौत के बाद कर्ज संकट शुरू हुआ था।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.