scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशरक्षा सचिव अरमाने ने तेजस विमान के लिए नयी उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया

रक्षा सचिव अरमाने ने तेजस विमान के लिए नयी उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने शुक्रवार को नासिक में एक नयी उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया ताकि स्वदेश में विकसित हल्के लड़ाकू विमान तेजस के निर्माण में तेजी लायी जा सके।

यह विमान बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा स्थापित तीसरी इकाई है।

एचएएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सी बी अनंतकृष्णन ने कहा कि नयी उत्पादन इकाई से तेजस (एमके1ए) के उत्पादन को बढ़ाने में मदद मिलेगी और उत्पादन क्षमता प्रति वर्ष 16 जेट से बढ़कर 24 विमान प्रति वर्ष हो जाएगी।

इससे पहले, एचएएल ने तेजस के लिए बेंगलुरु में दो उत्पादन इकाई की स्थापना की थी।

तेजस एकल-इंजन वाला बहुद्देश्यीय लड़ाकू विमान है जो बेहद चुनौतीपूर्ण वातावरण में भी परिचालन में सक्षम है।

तेजस के लिए नयी उत्पादन इकाई की स्थापना कई देशों द्वारा विमान खरीदने में दिलचस्पी दिखाए जाने के बीच हुई है। तेजस विमान में रुचि प्रदर्शित करने देशों में मिस्र, अर्जेंटीना, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और फिलीपीन भी शामिल हैं।

एचएएल के एक बयान के अनुसार, रक्षा सचिव ने तेजस जेट के लिए इस उत्पादन इकाई की स्थापना को लेकर एचएएल की सराहना की और कहा कि कंपनी देश की सुरक्षा की जरूरतों को पूरा कर रही है। उन्होंने एचएएल से रक्षा बाजार में आक्रामक तरीके से प्रतिस्पर्धा करने और मानव रहित वाहनों जैसे नए क्षेत्रों पर ध्यान देने के लिए नयी पहल करने का आग्रह किया।

भाषा अविनाश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments