चंडीगढ़, छह अप्रैल (भाषा) हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार से रबी विपणन मौसम 2023-24 के दौरान खरीदे जा रहे गेहूं के गुणवत्ता मानकों में ढील देने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। उपभोक्ता मामले और खाद्य एवं जन वितरण मंत्री पीयूष गोयल को बुधवार को लिखे अपने पत्र में चौटाला ने कहा है कि कटाई से ठीक पहले राज्य के कई हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को चौपट कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मार्च में हुई भारी बारिश के कारण गेहूं की फसल को हुए नुकसान के संबंध में प्रमुख खरीद वाले जिलों कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, जींद और यमुनानगर से रिपोर्ट एकत्र की गई है। चौटाला ने एक बयान में कहा कि लगातार बारिश और ओलावृष्टि से अनाज के उत्पादन और गुणवत्ता पर असर पड़ा है।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.