ऋषिकेश, तीन अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के परिवहन मंत्री चंदन रामदास ने सोमवार को कहा कि आगामी चारधाम यात्रा में अगर बसों की कमी पड़ी तो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था अन्य राज्यों से की जाएंगी।
यहां परिवहन कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए रामदास ने कहा कि पिछले वर्ष रिकार्ड संख्या में श्रद्धालु आए थे और इस वर्ष यात्रा पिछले वर्ष से भी अधिक होने की संभावना है जिसके लिए समस्त व्यवस्थायें 20 अप्रैल तक कर ली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अगर इस बार चारधाम यात्रा में बसों की कमी पड़ी तो 350 बसों की व्यवस्था अतिरिक्त रूप से अन्य राज्यों से की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया के पर्व पर 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। पिछले साल करीब 46 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आए थे।
मंत्री ने कहा कि इस बार पहली बार चारधाम यात्रा मार्ग पर चलने वाले यात्री वाहनों को बार कोड युक्त ग्रीन कार्ड दिया जाएगा।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.