scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअडाणी समूह की सात कंपनियों के शेयर चढ़े, अडाणी एंटरप्राइजेज में 8.75 प्रतिशत की बढ़त

अडाणी समूह की सात कंपनियों के शेयर चढ़े, अडाणी एंटरप्राइजेज में 8.75 प्रतिशत की बढ़त

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 मार्च (भाषा) अडाणी समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों में से सात के शेयर बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सबसे अधिक 8.75 प्रतिशत चढ़ गया।

इससे पहले लगातार दो दिन तक अडाणी समूह की कंपनियों में गिरावट रही थी।

बीएसई पर अडाणी एंटरप्राइजेज के बाद अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड में सर्वाधिक 7.25 प्रतिशत की तेजी रही। अडाणी विल्मर में पांच प्रतिशत, एनडीटीवी में 4.99 प्रतिशत, अडाणी पावर में 4.98 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स में 1.52 प्रतिशत और एसीसी में 0.78 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

हालांकि, समूह की तीन अन्य कंपनियों के शेयर गिरावट पर बंद हुए। अडाणी ग्रीन एनर्जी में 4.45 प्रतिशत, अडाणी टोटल गैस में 4.28 प्रतिशत और अडाणी ट्रांसमिशन में 1.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 346.37 अंक यानी 0.60 प्रतिशत चढ़कर 57,960.09 अंक के साथ बंद हुआ।

अडाणी समूह की सभी 10 सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई थी। सबसे अधिक नुकसान अडाणी एंटरप्राइजेज को हुआ था, जिसका शेयर सात प्रतिशत टूट गया था।

समूह के प्रवर्तकों की तरफ से शेयर गिरवी रखकर लिए गए 2.15 अरब डॉलर के कर्ज को न चुकाने के बारे में खबरें आने के बाद इसके शेयर गिर गए थे।

हालांकि, समूह ने बयान जारी कर यह स्पष्ट किया है कि उसने प्रवर्तकों के गिरवी रखे गए शेयरों को छुड़ाने के लिए बकाया कर्ज का भुगतान कर दिया है। उसने कहा कि सिर्फ परिचालन करने वाली कंपनियों की तरफ से लिए गए कर्जों को चुकाना ही बाकी है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments